पीड़ित गंभीर रूप से घायल, कैसरबाग इलाके का मामला
लखनऊ। शनिवार कैसरबाग इलाके में मामूली विवाद में दबंगों ने तीन भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया। घर के बाहर लगे झूले पर झूलने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक़ मछली महोल जम्बूर खाना के रहने वाले नासिर अली ने बताया कि शुक्रवार को घर के बाहर झूला झूलने को लेकर फैजी, जीशान और जावेद से विवाद हो गया। तीनों ने एक राय होकर नासिर के भाइयों अमन, अफजल और फहद पर हमला कर दिया। हमले में अफजल के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अमन और अफजल के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया। जिससे उनके सिर फट गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और घटना के बाद से घर में भय का माहौल बना हुआ है। मामले में इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी मिश्रा का कहना है मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है। घायल के ठीक होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे।
