नवरात्रि पर पालकी में सवार होकर आएंगी माता रानी

चैत्र नवरात्रि 19 से, हाथी पर होंगी विदा

लखनऊ। हिंदू धर्म में चैत्र नवरात्रि नई ऊर्जा और नए साल की शुरूआत का प्रतीक है। इन नौ दिनों के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की जाती है। चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू होगी। इस बार देवी दुर्गा पालकी में सवार होकर आएंगी और विदाई के समय वे हाथी पर सवार होंगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देवी के आगमन का वाहन उस दिन के आधार पर तय होता है जिस दिन नवरात्रि शुरू होती है। इस बार नवरात्रि गुरुवार से शुरू हो रही है, इसलिए यह माना जाता है कि देवी दुर्गा का आगमन पालकी या डोली पर होगा। देवी पुराण के अनुसार ऐसा कहा जाता है कि पालकी में देवी का आगमन शुभ नहीं होता। यह इस बात का भी संकेत है कि देश में आर्थिक मंदी आ सकती है। प्रकृति के रुष्ट होने की संभावना है, जिससे बड़ी आपदाएं आ सकती हैं। यह भी माना जाता है कि माता का डोली पर आगमन देश और दुनिया में महामारियों के बढ़ने का संकेत है।

चैत्र नवरात्रि का समापन 27 मार्च को होगा। उस दिन शुक्रवार है, इसलिए यह माना जाता है कि देवी दुर्गा की विदाई हाथी पर होगी। धार्मिक परंपराओं में, हाथी समृद्धि, स्थिरता और खुशी का प्रतीक है। उक्त विषय पर राजधानी लखनऊ के ज्योतिष व वैदिक संस्कारों के जानकार पंडित आशुतोष शुक्ल महाराज ने तरूणमित्र टीम को जानकारी देते हुए बताया कि यह पौराणिक मान्यता है कि इस नवरात्रि में माता रानी के आगमन और विदा होने की जो स्थितियां प्रतीत हो रहीं ऐसे में पूरी संभावना कि ऐसे सुखद संयोग से अबकी अच्छी बारिश होगी, कृषि में लाभ होगा और आर्थिक स्थितियों में अपेक्षाकृत सुधार देखने को मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post