यूपी में इन लोगों को मिलेगा अपना घर, सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान

  • माफिया से मुक्त जमीनों पर हाईराइज आवास बनाने के निर्देश, गरीबों के साथ-साथ शिक्षकों, वकीलों, डॉक्टरों व पत्रकारों के लिए भी आवास योजना

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत बड़ी सौगात देते हुए 90 हजार लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक गरीबों का हक छीना और जमीनों पर कब्जा किया, अब उसी जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों को अपना परिवार मानकर बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 62 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर मिल चुका है। सरकार का लक्ष्य सिर्फ मकान देना नहीं बल्कि गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना है, जिसमें घर के साथ शौचालय, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी शामिल हैं। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले योजनाएं तो थीं, लेकिन इच्छाशक्ति की कमी के कारण गरीबों तक उनका लाभ नहीं पहुंच पाता था। अब सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने बताया कि सहारनपुर, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, प्रयागराज, सीतापुर, गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़, बदायूं, मेरठ और कई अन्य जिलों के लाभार्थियों को इस योजना के तहत पहली किस्त जारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश में 75 प्रतिशत निर्माण पूरा होने पर लाभार्थियों को अगली किस्त तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि मकानों का निर्माण तेजी से पूरा हो सके। साथ ही हर आवास के साथ शौचालय, मुफ्त बिजली कनेक्शन और “नल से जल” योजना के तहत पानी की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले माफियाओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रखा था, जिन्हें अब खाली कराकर गरीबों के लिए उपयोग में लाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर माफिया की संपत्तियां जब्त कर उन्हें भी गरीबों के आवास निर्माण के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इस अवसर पर बजेश पाठक, सुरेश कुमार खन्ना, और ए0के0 शर्मा समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post