गैस को लेकर गुस्साए लोगों ने हुसड़िया चौराहा किया जाम

डीएम ने बुकिंग वाले सिलेंडरों की होम डिलीवरी का एजेंसियों को दिया आदेश

लखनऊ। गैस सिलेंडर न मिलने से गुस्साए लोगों ने हुसड़िया चौराहे पर सड़क जाम कर दी। करीब 100 लोग सिलेंडर लेकर पहुंचे। सड़क पर सिलेंडर रखकर रास्ता रोक दिया। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची। लोगों के सिलेंडर उठा-उठाकर आने-जाने वाली गाड़ियों को रास्ता दिलाया। मामला विराम खंड स्थित देवा पैलेस में गोमती भारत गैस एजेंसी के बाहर का है। सिलेंडर न मिलने से यहां दोपहर करीब 1 बजे गहमागहमी का माहौल बन गया। लोगों को पुलिस समझा रही थी, लेकिन वे हट नहीं रहे थे। सड़क जाम कर रहे लोगों ने राहगीरों को रोकने की कोशिश की, जिससे बहस भी हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर सड़क खाली कराई।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जाम खत्म हो गया और यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से शहर के कई इलाकों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर दिक्कत सामने आ रही है।गैस सिलेंडर को लेकर सामने आ रही शिकायतों के बाद लखनऊ के जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि जिन उपभोक्ताओं ने सिलेंडर की बुकिंग कराई है, उन्हें घर तक होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को एजेंसी या गोदाम से सीधे सिलेंडर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू कर उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post