6 लाख के कर्ज में डूबा था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ। बंथरा इलाके में एटीएम तोड़कर कैश चोरी करने का प्रयास करने वाला गिरफ्तार हो गया है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया है कि जोमैटो के वेयर हाउस में वह टीम लीडर है। शेयर मार्केट और क्रिप्टो करेंसी में रुपए इन्वेस्ट करता है। शेयर मार्केट लगातार डाउन हो रहा था जिससे उस पर 6 लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज हो गया था। कोई रास्ता न सूझने पर एटीएम तोड़कर पैसे चुराने की कोशिश की थी। गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान उन्नाव जिले के अजगैन थाना अंतर्गत शेरशाह गांव निवासी गुलशन कुमार (21) पुत्र दिवंगत मैकू लाल गौतम के रूप में बताई है। उसने 11 अप्रैल की सुबह बंथरा के पहाड़पुर स्थित हिटाची एटीएम में एक अज्ञात व्यक्ति ने तोड़फोड़ कर कैश चोरी करने की कोशिश की थी।
बंथरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में हिताची का एटीएम लगा है। उसे 11 अप्रैल से तोड़कर लूटने की कोशिश की गई। एक चोर हेलमेट लगाकर बूथ के अंदर एटीएम मशीन के पास गया। उसने सब्बल से मशीन को 7 मिनट तक तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान वह मशीन का कुछ हिस्सा ही तोड़ पाया लेकिन कैश फिर भी नहीं निकाल पाया। इसके बाद वह वहां से चला गया। गिरफ्तार आरोपी गुलशन ने बताया कि उसने 2024 में लव मैरिज की थी, जिससे नाराज होकर घरवालों ने उसे घर से अलग कर दिया था। इस समय वह बंथरा के ग्राम उम्मेदखेड़ा में किराये पर रहता है। बंथरा स्थित जोमैटो वेयरहाउस में टीम लीडर के रूप में काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शेयर मार्केट और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के कारण करीब छह लाख रुपए से ज्यादा के कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के दबाव में उसने एटीएम तोड़कर पैसे चोरी करने की योजना बनाई थी। वह तमाम कोशिशों के बावजूद एटीएम नहीं लूट सका। पुलिस ने आरोपी कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया सब्बल, कटर और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल 2026 की सुबह बंथरा के पहाड़पुर स्थित हिताची एटीएम में एक अज्ञात व्यक्ति ने तोड़फोड़ कर कैश चोरी करने की कोशिश की थी। इस संबंध में हिटाची की फ्रेंचाइजी लेकर एटीएम बूथ संचालित करने वाले पहाड़पुर निवासी शौर्य श्रीवास्तव ने बंथरा थाने में मामला दर्ज कराया था। एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया।
Tags
Lucknow
