हम नहीं सुधरेंगे... नशे में झूमता मिला दरोगा..

ड्यूटी से हटाया, 3 महीने पहले शराब पीकर दुकानदार को मारे थे थप्पड़

लखनऊ। पुलिसकर्मियों की ओर से कई बार कुछ ऐसी हरकतें की जाती हैं, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पूरे पुलिस महकमे को शर्मिंदगी होती है। ऐसा ही एक दरोगा का वीडियो सामने आया जो ड्यूटी के दौरान नशे में झूमता नजर आया। उसकी ड्यूटी बारावफात पर शांति व्यवस्था में लगाई गई थी। लोगों ने बताया कि दरोगा सुरक्षा व्यवस्था में लगने की बजाय नशे में धुत होकर झूमते हुए इधर-उधर घूम रहा था। नशा अधिक चढ़ा तो वह एक टेंट हाउस में जाकर बैठ गया। लोगों ने दरोगा से बात करने की कोशिश की तो उनकी जुबान लडख़ड़ा रही थी। वह बोल नहीं पा रहा था। दरोगा की ड्यूटी बुधवार को वजीरगंज थाना क्षेत्र में थी। आज वीडियो सामने आया है। दरोगा को ड्यूटी से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। तीन महीने भी दरोगा ने ऑन ड्यूटी शराब पी थी। मिट्टी के बर्तनों की दुकान में तोडफ़ोड़ की थी। चिनहट थाने में तैनात दरोगा धर्मेंद्र सिंह की ड्यूटी पिछले कुछ दिनों से वजीरगंज इलाके के चौधरी गढ़इया में लगी थी। यहां उन्हें बारावफात की निगरानी करनी थी। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं, बुधवार को उन्होंने ड्यूटी के समय ही शराब पी ली। शराब के नशे में वह इधर-उधर टहल रहे थे। नशा ज्यादा हो जाने पर दरोगा पास ही एक टेंट हाउस में जा बैठे। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी ने रिपोर्ट भेजकर दरोगा को ड्यूटी से हटा दिया। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया- एसआई की ड्यूटी पुलिस लाइन से लगाई गई थी। अनुशासनहीनता पाए जाने पर रिपोर्ट लगाकर वापस लाइन भेज दिया गया। आगे की कार्रवाई पुलिस लाइन से की जाएगी। करीब 3 महीने पहले हुई घटना की जानकारी नहीं है, शायद उस घटना की वजह से पुलिस लाइन भेजे गए होंगे।

दुकानदारों को मारे थे थप्पड़ :  गोमतीनगर इलाके में हाल ही लगभग तीन महीने पहले भी नशे में धुत होकर दरोगा धर्मेंद्र सिंह ने जमकर उत्पात मचाया था। तब वे ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। उन्होंने मिट्टी के बर्तन की दुकान में जमकर तोडफ़ोड़ की थी। विरोध करने पर दुकानदार को थप्पड़ मारे थे। गालियां देते हुए दुकान बंद कराने की धमकी दी थी। दुकानदार की 13 साल की भतीजी से भी अभद्रता की थी।

सडक़ पर बेहोश मिले : ट्रैफिक पुलिस, लखनऊ का कहना था कि एसआई धर्मेंद्र सिंह की ड्यूटी जीवन प्लाजा से हुसडिय़ा, ग्वारी, गोमतीनगर रेलवे स्टेशन तक लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान उसे अचेत अवस्था में पाया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात, पूर्वी से जांच कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार धर्मेंद्र सिंह ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में था। इस वजह से उसे सस्पेंड कर दिया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात (पश्चिमी) राधा रमण सिंह को कार्रवाई के लिए जांच सौंपी गई थी। इसके बाद लाइन में रखा गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post