लखनऊ पुलिस ने अधिकार, सुरक्षा और साइबर सतर्कता का दिया संदेश
लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर लखनऊ पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत थाना गाजीपुर क्षेत्र अंतर्गत मुंशी पुलिया चैराहा/मैट्रो स्टेशन जाकर एंटी रोमियो टीम व मिशन शक्ति टीम द्वारा एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बच्चों से सीधे संवाद कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा तंत्र, यातायात नियमों तथा साइबर अपराध से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक महिला के सुरक्षा के अधिकार और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
टीम ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी परिस्थिति में महिलाओं को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। संवाद के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर उत्पीडन जैसे मामलों में सतर्क रहने तथा बिना भय के शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद के 54 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी महिलाओं की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य थानों में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, त्वरित सहायता और भरोसेमंद सहयोग प्रदान करना है।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आपात स्थितियों में सहायता के लिए उपलब्ध प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों 1090 महिला पावर लाइन, 112 आपात सेवा, 108 एम्बुलेंस, 1098 चाइल्डलाइन और 1076 टोल फ्री हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सीईआईआर पोर्टल और यूपी कॉप ऐप के उपयोग के बारे में बताया गया, जिससे मोबाइल चोरी, साइबर अपराध और अन्य शिकायतों का समाधान आसानी से किया जा सके। महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्रों, महिला हेल्प डेस्क और एंटी रोमियो स्क्वाड की भूमिका से भी अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले उत्पीडन के मामलों में एंटी रोमियो स्क्वाड तत्काल कार्रवाई करता है, जबकि महिला सुरक्षा केंद्र गोपनीयता बनाए रखते हुए मानसिक, कानूनी और सामाजिक सहायता प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढने के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें अपने भविष्य को लेकर सजग रहने का संदेश दिया गया। करीब 20 से 25 महिलाओं और बच्चों की सहभागिता वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन्हें उनके अधिकारों, सरकारी सुरक्षा तंत्र और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक बनाना रहा। लखनऊ पुलिस ने यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है। मिशन शक्ति 5.0 के माध्यम से लखनऊ पुलिस निरंतर यह प्रयास कर रही है कि महिलाएं बिना किसी भय के अपनी बात रख सकें, न्याय प्रणाली तक उनकी पहुंच मजबूत हो और समाज में सुरक्षा, विश्वास और सशक्तिकरण की भावना और अधिक सुदृढ़ हो। एंटी रोमियो टीम व मिशन शक्ति टीम में उ0नि0 यशवंत सिंह, म0उ0नि0 कीर्ति सिंह, म0उ0नि0 मंशा, म0का0 वीना एवं का0 रविन्द्र अभियान में शामिल रहे।
Tags
Lucknow
