लखनऊ। इंदिरा नगर सेंट मैरीज़ इंटर कॉलेज, सेक्टर–14 में शनिवार को आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव ‘फ्यूज़न ऑफ फ्लेवर्स’ ने दर्शकों को विस्मय और गर्व से भर दिया यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं बौद्धिक प्रखरता का सजीव प्रमाण बना। कार्यक्रम का शुभारंभ ऊर्जावान प्रस्तुति ‘रिद्म ऑफ विक्ट्री’ से हुआ, जिसने सभागार को उत्साह और उमंग से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात प्रस्तुत महिषासुर वध की कथा ने मंच पर माँ दुर्गा की दिव्य शक्ति, करुणा और अधर्म पर धर्म की विजय को अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया। यह प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही और दर्शकों के मन में अमिट छाप छोड़ गई।
‘जीनियस माइंड्स ऑफ सेंट मैरीज़’ खंड में विद्यार्थियों ने गणित की मूल अवधारणाओं को अपने मौलिक, सरल और जीवनोपयोगी तरीकों से प्रस्तुत कर यह सिद्ध किया कि गणित केवल सूत्रों का विषय नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन और सृजनशीलता का माध्यम है। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने दोहों का सस्वर पाठ कर उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक चेतना और दिव्य भावभूमि की ओर ले जाने का कार्य किया। विशेष उल्लेखनीय यह रहा कि बच्चों ने स्वयं दोहों का सृजन एवं संकलन कर एक पुस्तक का निर्माण किया, जिसका नाम ‘सुभाषितानि’ रखा गया।
शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक द मर्चेंट ऑफ वेनिस पर आधारित अंग्रेज़ी नाट्य प्रस्तुति ‘ए जर्नी थ्रू वेनिस’ अत्यंत सजीव, प्रभावोत्पादक एवं कलात्मक रही। इसके साथ ही विज्ञान विषय में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई परियोजनाओं ने उनकी वैज्ञानिक दृष्टि, जिज्ञासा और नवाचार क्षमता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का समापन ‘जीतो इंडिया’ नाट्य प्रस्तुति से हुआ, जिसमें महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और समकालीन विजय भावना को प्रभावशाली मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालू कपूर ने विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई दी। अभिभावकों ने कार्यक्रम के स्तर को देखकर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि वे विश्वास ही नहीं कर पा रहे थे कि विद्यालय स्तर पर इतनी उच्च कोटि की, परिपक्व और भावप्रवण प्रस्तुतियाँ संभव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इस स्तर तक पहुँचाने, उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करने तथा सेंट मैरीज़ इंटर कॉलेज, सेक्टर–14 की गरिमा और प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रधानाचार्या के दूरदर्शी नेतृत्व की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। समग्र रूप से ‘फ्यूज़न ऑफ फ्लेवर्स’ न केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम था, बल्कि यह विद्यालय की शैक्षिक उत्कृष्टता, संस्कारपरक दृष्टि और सशक्त नेतृत्व का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उपस्थित जनसमूह के मन में एक अविस्मरणीय स्मृति के रूप में अंकित हो गया।
Tags
Lucknow

.webp)