ठाकुरगंज पुलिस ने झुमकी लूटकांड का किया खुलासा

शातिर लुटेरा गिरफ्तार, लूटी गई झुमकी व स्कूटी बरामद

लखनऊ। ठाकुरगंज पुलिस ने महिला से झुमकी लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की झुमकी तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को कमता कन्वेंट स्कूल, आलमनगर निवासी मीरा वर्मा ने तहरीर देकर बताया था कि वह कैंपवेल रोड स्थित सत्यापुरम कॉलोनी के पास पैदल जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने पीछे से झपट्टा मारकर उनके कान की सोने की झुमकी लूट ली, जिससे उनके कान में गंभीर चोट भी आई।

घटना के बाद ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने भूहर पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास से आरोपी बब्लू उर्फ कलीम (46 वर्ष) निवासी बरावनकलां, थाना दुबग्गा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई झुमकी और वारदात में प्रयुक्त यूपी-32 डीएफ-8254 नंबर की महरून रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बब्लू उर्फ कलीम पर लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न गंभीर अपराधों के नौ मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे वह शातिर अपराधी माना जाता है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में ठाकुरगंज पुलिस एवं डीसीपी पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post