उल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधानभवन पर फहराया तिरंगा

मुख्यमंत्री योगी , भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ ही शासन के अधिकारी मौजूद रहे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को विधान भवन पर रष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर सेना की टुकड़ियों, उप्र पुलिस, होमगार्ड और पीएसी के जवानों ने राज्यपाल को सलामी दी। स्कूली बच्चों की झांकियां निकलीं। कलाकारों की विभिन्न प्रस्तुतियां सबके लिए आकर्षण का केन्द्र रहीं। विधान भवन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गयी। प्रस्तुतियां देने वाले कलाकार उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से तो थे ही, साथ में उत्तराखण्ड, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई अन्य राज्यों के भी थे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा समेत अन्य शासन के अधिकारी मौजूद रहे। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जन भवन (राजभवन), लखनऊ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जन भवन में उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा वर्ष 2024 गृह मंत्रालय, भारत सरकार का अति उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी अजमत अली, मुख्य आरक्षी जनार्दन मिश्रा, मुख्य आरक्षी (चालक) तीर्थराज पाल तथा उत्कृष्ट सेवा पदक मुख्य आरक्षी मोहम्मद नदीम को प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मुख्य आरक्षी (कमांडो) विजय पाल यादव एवं निरीक्षक बृजेश भारद्वाज को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने सभी कार्मिकों को उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इससे पूर्व राज्यपाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जनभवन में विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, विशेष सचिव, राज्यपाल श्रीप्रकाश गुप्ता सहित जन भवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, सुरक्षाकर्मी समेत अन्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post