शराब के लिए पैसा न मिलने पर पिता पर बांके से किया वार

ट्रामा सेंटर में इलाज जारी, हालत गंभीर

लखनऊ। बुधवार शराब के लिए रुपए न देने पर बेटे ने पिता को बांके से काट डाला। गंभीर घायल व्यक्ति को परिजनों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस आरोपी बेटे की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक़ सरोजनीनगर इलाके के बेहसा गांव में पुलिस को दोपहर करीब 3:20 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना मिली। घायल की पहचान सरोजनी नगर के बेहसा गांव के रहने वाले संतलाल रावत (60) के रूप में हुई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से संतराम लोकबंधु अस्पताल भेजा गया। लोकबंधु अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने संतलाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संतलाल रावत का बेटा नीरज रावत (35) नशे का आदी है। वह शराब पीने के लिए अपने पिता से पैसे मांग रहा था। पैसे देने से मना करने पर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई, जो विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर नीरज ने पास में रखा बांका उठाकर अपने पिता संतलाल पर कई वार कर दिए। हमले में संतलाल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही संतलाल की बेटियां भी अस्पताल पहुंच गईं। आरोपी नीरज रावत घटना के बाद से फरार है। सरोजनीनगर पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रही हैं और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post