लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर हादसे का खतरा, ट्रांसफार्मर की सुरक्षा जालियां टूटीं

लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र के ग्राम कटौली में लखनऊ-हरदोई राजमार्ग किनारे रखा एक ट्रांसफार्मर स्थानीय लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह ट्रांसफार्मर लंबे समय से सड़क किनारे असुरक्षित हालत में है, जिसकी सुरक्षा के लिए लगाई गई जालियां भी टूटी हुई हैं। ग्रामीणों, जिनमें मोनिश, वीर विक्रम और शैलेंद्र ने बताया कि ट्रांसफार्मर के चारों ओर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। इससे राहगीरों, बच्चों और जानवरों के लिए हर समय जोखिम बना रहता है। रात के समय अंधेरे में यह ट्रांसफार्मर स्पष्ट दिखाई न देने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विद्युत विभाग को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस ट्रांसफार्मर को सुरक्षित नहीं किया गया या इसकी जालियों की मरम्मत नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जल्द से जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित अनहोनी को टाला जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post