लखनऊ। शुक्रवार इंदिरानगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सहारा ट्रेड सेंटर के लगभग 150 से अधिक दुकानदारों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। नाराज व्यापारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाजार में घूम-घूमकर बिजली विभाग मुर्दाबाद, बिजली विभाग होश में आओ के नारे लगाए गए। व्यापारियों के अनुसार कुछ समय पहले क्षेत्र का ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाने से लगभग 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शिकायत करने पर विद्युत उपकेंद्र एचएएल, इंदिरानगर द्वारा अस्थायी ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल तो कर दी गई, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। व्यापारी अनूप कुमार सिंह ने कहा कि अगर हम लोगों की बात सुनी नहीं गई तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। हम लोग विभाग के मनमानी के खिलाफ कोर्ट भी जाएंगे। ताकि हमारी बात सुनी जाए।
पिछले करीब 25 साल से नियमित रूप से अपने-अपने व्यावसायिक बिजली बिल का भुगतान करते आ रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने से पीछे हट रहा है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जब उन्होंने विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया तो उन्हें ट्रांसफॉर्मर अपने खर्च पर ठीक कराने की बात कही गई, लेकिन यह पूरी तरह से गलत है। इस मामले में व्यापारियों ने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 6(1) के तहत आरटीआई भी दायर की है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब ट्रांसफॉर्मर को तत्काल विभागीय स्तर पर ठीक या बदलवाया जाए। जब तक ट्रांसफार्मर के स्वामित्व को लेकर स्पष्टता नहीं हो जाती, तब तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। व्यापारी राज कुमार मौर्य और राजू श्रीवास्तव ने कहा कि कि यदि कोई ऐसा नियम है जिसके तहत उपभोक्ताओं को स्वयं ट्रांसफॉर्मर बनवाना पड़ता है, तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
Tags
Lucknow
