तमकुहीराज में चरमराई बिजली व्यवस्था पर सपा का हल्लाबोल, 18 घंटे निर्बाध आपूर्ति की मांग

लखनऊ/कुशीनगर। विधानसभा क्षेत्र 331-तमकुहीराज में बदहाल विद्युत व्यवस्था और भीषण लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी (लोहिया वाहिनी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधुरश्याम राय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक (विद्युत) को पत्र सौंपकर क्षेत्र में 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। सपा नेता ने अपने पत्र में बताया कि तमकुहीराज क्षेत्र अति पिछड़ा और बाढ़ प्रभावित इलाका है, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग लगातार उपेक्षा कर रहा है। क्षेत्र में सेवरही, तमकुहीराज, तरया सुजान, घघवा जगदीश और दुदही सहित कुल पांच विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं, फिर भी आम जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि अघोषित बिजली कटौती और गंभीर लो-वोल्टेज के चलते आमजन, व्यापारी और किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं, जबकि पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। किसानों को फसलों की सिंचाई में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं, जिससे खेती-किसानी पर सीधा असर पड़ रहा है। मधुरश्याम राय ने मांग की कि तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post